कोतवाली के सामने हरेराम पक्का तालाब में कूदे नगर के मोहल्ला हरदयाल कूंचा रामनगर निवासी नन्हेंलाल के 18 वर्षीय पुत्र नीरज का शव गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद रविवार रात दो बजे तलाश करके बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि रविवार की शाम चार बजे नीरज नहाने के लिए हरेराम पक्का तालाब पर गया था। कपड़े निकालकर वह तालाब में कूद गया। काफी देर तक उसके ऊपर नहीं आने पर वहां मौजूद महिलाओं ने मामले की जानकारी मंदिर के पुजारी को देते हुए शोर मचाया तो हल्का दरोगा मनोज सहरावत, विष्णु कुमार, वीर सिंह आदि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। कपड़ों के आधार पर युवक की पहचान होने के बाद परिवार के कई लोगों ने तालाब में घुसकर तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद डेढ़ घंटा बीत जाने के बाद भी कोतवाली प्रभारी के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज लोगों ने डंडे लेकर राजीव चौक पर जाम लगा दिया। जाम की जानकारी होने पर कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन पब्लिक के लोगों ने युवक का पता नहीं लगने तक जाम खोलने से मना कर दिया। लगभग तीन घंटे तक जाम लगा रहने के बाद शाहजहांपुर, खुटार और बंडा मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इसके बाद नगर पालिका चेयरमैन संजय गुप्ता के आश्वासन पर लोगों ने जाम को खोल दिया। इस दौरान तालाब में जाल और कांटा डालकर युवक की तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। देर रात शाहजहांपुर और मिर्जापुर से आए दिनेश, रामपाल सहित आठ गोताखोरों ने रात दो बजे कड़ी मशक्कत करके युवक का शव ढूंढ़ निकाला। शव मिलने के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। एसडीएम सलिल कुमार पटेल, सीओ उमेश शर्मा नगर पालिका चेयरमैन संजय गुप्ता ने परिवार के लोगों को सांत्वना देते हुए शांत किया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।