पुवायां के सुमित की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं। रविवार को कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। बतातें चलें कि नगर के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी 23 वर्षीय सुमित की 28 मई की रात मौत हो गई थी। मृतक की मां कमलेश्वरी देवी ने मोहल्ले के ही भगवानदास शर्मा उनके भाई नरेश शर्मा, संतोष शर्मा, भगवानदास के पुत्र पुष्कर शर्मा, रवि शर्मा और नरेश के पुत्र अंकित, उत्तम पर आरोप लगाया था कि उक्त लोगों ने 28 मई को सुमित को पकड़ लिया और पीटकर गंभीर घायल कर दिया। बाद में आरोपी सुमित को अपने घर उठा ले गए और उसे जबरिया जहर खिला दिया। मां ने सुमित की मौत जहर से होने की आशंका जताई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजा था। पुलिस ने बताया कि सुमित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का कारण सिर में लगी चोट माना गया है। मृतक के शरीर पर भी चोटों के निशान मिले हैं। रविवार को कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विवेचना की जा रही है। उधर मृतक की मां कमलेश्वरी और चाचा श्रीप्रकाश का आरोप है, कि आरोपी उन लोगों पर राजीनामे का दबाव बना रहे हैं और राजीनामा नहीं करने पर मार देने की धमकी दे रहे हैं। मृतक के परिवार के लोगों ने रविवार को पूर्व सांसद मिथलेश कुमार और विधायक शकुंतला देवी से मिलकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराने के लिए पुलिस से कहने और न्याय दिलाने की मांग की है। उधर अभी तक एक भी नामजद पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।