सोमवार रात बदमाशों ने छात्र और उसके भाई से पांच हजार रुपये, मोबाइल लूट लिए और भाग निकले। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। गांव नभीची निवासी बृजकिशोर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई हरिकिशोर सोमवार को बरेली में एमए का फार्म जमा करने गया था। देर शाम हरिकिशोर ने फोन पर बताया कि उसे बंडा पहुंचने में देर हो जाएगी। वह बाइक से भाई को लेने बंडा गया था। रात लगभग साढ़े सात बजे बंडा से भाई को लेकर घर वापस आते समय बंडा देवकली रोड पर गांव लालपुर आजादपुर मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और तमंचा तानते हुए शोर नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद बदमाशों ने बृजकिशोर और उसके भाई से 4850 रुपये, तीन मोबाइल लूट लिए और बाइक की चाबी और प्लग निकालकर फेंकने के बाद भाग निकले। लूट के दौरान दोनों भाईयों से मारपीट भी की गई। बदमाशों के जाने के बाद दोनों भाईयों ने शोर मचाया तो कुछ लोग मौके पर पहुंचे। 100 नंबर पर सूचना करने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास तलाश की तो बाइक की चाबी और प्लग पड़ा मिल गया। इसके बाद दोनों ने थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बृजकिशोर ने बताया कि बदमाश पैशन प्रो बाइक से थे, बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। एसओ उदयवीर सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।