गल्ला आढ़ती की कनपटी पर तमंचा लगाकर बाइक सवार तीन बदमाश दिनदहाड़े लगभग डेढ़ लाख रुपये से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। एसपी ग्रामीण रमेश भारतीय ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी गौरव गुप्ता पुत्र सत्यप्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह गांव रसेवन में गल्ला की आढ़त चलाता है। मंगलवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे जब वह आढ़त पर पहुंचा और दुकान के ताले खोल रहा था। उसी वक्त काले रंग की एक पल्सर बाइक से तीन बदमाश आ धमके। उसने बताया कि उनमें से एक लुटेरे ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया और रुपये से भरा थैला मांगा। जब उसने आनाकानी की तभी दूसरे बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा रख कर हाथ में थमा नोटों से भरा थैला छीन लिया। शोर मचाने पर बदमाश जान से मारने की धमकी देकर गढ़िया रंगीन की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने इस मामले की सूचना थाने पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। कार्यवाहक थाना प्रभारी राम नरेश यादव ने घटना की जानकारी उच्चधिकारियों को दी। इस पर एसपी ग्रामीण रमेश भारतीय मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने गौरव की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।