सोमवार की रात चोरों ने भावलखेड़ा के तीन घरों में धावा बोल कर करीब दो लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। इस दौरान घर के सभी सदस्य बेहोशी की हालत में सोते रहे। इस पूरी घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है। शक पीड़ितों के घरवालों के इर्द-गिर्द घूम रहा है। थाना क्षेत्र के भावलखेड़ा गांव में सेवाराम, मेवाराम और हरीराम सगे भाई हैं और पास-पास ही मकान है। तीनों का आरोप है कि सोमवार की रात वह अपने घर के कमरों में परिजनों के साथ सोए हुये थे। किसी पहर चोरों ने उनके घरों में किसी तरह घुस कर करीब दो लाख के जेवर आदि चोरी कर लिए। चोरी के समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। चोरों ने सिर्फ जेवरों पर ही हाथ साफ किया है जबकि आर्टिफिशियल जेवरों को मकान की छतों पर छोड़ गए तथा घर में रखी नगदी और बंदूक आदि को छुआ तक नहीं। पुलिस ने पीड़ितों से तहरीर ले ली है और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ओपी गौतम ने बताया कि घटना संदिग्ध है। हो सकता है कि परिवार से जुड़े किसी व्यक्ति ने नशे की गोलियां खिलाकर घटना को अंजाम दिया हो। हर पहलू पर जांच की जा रही है।