नशेबाजी में पुलिस टीम पर हमला, तीन गिरफ्तार
बंदी को पेशी के लिए दिल्ली ले जाने के दौरान रविवार रात रेलवे स्टेशन के पास शराब के नशे में तीन युवकों ने पुलिस टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश की। टोकने पर कार सवार तीनों युवकों ने दोनों पुलिस कर्मियों को बुरी तरह पीट दिया और रायफल छीनने की कोशिश की। हंगामे की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने तीनों हमलावरों को दबोच लिया और सदर बाजार पुलिस को मय कार सुपुर्द कर दिया। मामले में एक सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने तीनों कार सवार व्यक्तियों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट, धमकी आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज सुबह कोर्ट में पेश किया। तीनों को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार तीन कार सवारों में से एक रेलवे में टीटीई है। थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव धरमंदगदपुर निवासी अमित शर्मा उर्फ पंडित बाइक चोरी के मामले में जिला जेल में निरुद्ध है। सोमवार को चोरी के एक मामले में उसकी दिल्ली कोर्ट में पेशी थी। पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही सुनील कुमार और नरेंद्र कुमार रविवार रात करीब 11 बजे अमित को लेकर पैदल स्टेशन जा रहे थे। रेलवे स्टेशन के गेट के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार चालक ने तीनों पर कार चढ़ाने का कोशिश की। सिपाही सुनील ने कार चालक को डांटते हुुुए सही से कार चलाने के लिए कहा। इस पर कार से उतरे तीन लोगों ने पुलिस टीम की पिटाई शुरू कर दी और दबंगई दिखाते हुए सुनील की रायफल छीनने की कोशिश की। दोनों सिपाही हमलावरों से बंदी अमित को बचाने के प्रयास में थे, इसका फायदा उठाकर हमलावरों ने सिपाहियों के साथ जमकर मारपीट की। स्टेशन के सामने हो रहे हंगामे की खबर सुनकर जीआरपी मौके पर पहुंची और तीनों हमलावरों को दबोच लिया। मौके पर थाना सदर बाजार पुलिस भी पहुंच गई। घायल सिपाहियों, बंदी और आरोपियों का रात में ही चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। सोमवार सुबह बंदी अमित को जेल प्रशासन को सौंप दिया गया। पकड़े गए तीनों हमलावर थाना रोजा क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी नवनीत, बंटू और अंकित हैं। सदर बाजार थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि एक आरोपी नवनीत रेलवे विभाग में टीटीई है। बीती रात तीनों नशे में थे। दो लोग नवनीत को स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। नशे की हालत में वर्दी वालों को कैदी के साथ देखकर तेजी से दौड़ाते हुए कार चढ़ाने का दिखावा किया। अपने पर कार चढ़ाने की कोशिश से नाराज सिपाहियों ने टोका तो तीनों उन पर टूट पड़े। इन तीनों का सिपाहियों और आरोपियों से पूर्व परिचय भी नहीं है।