दबिश के दौरान वृद्ध हरिराम की छत से गिरकर मौत होने के मामले में आखिर एसओ मीरानपुर कटरा पर गाज गिर ही गई। उन्हें आईजी के निर्देश पर एसपी केबी सिंह ने निलंबित कर दिया है।
मालूम हो कि सब इंस्पेक्टर प्रवेश सिंह मीरानपुर कटरा थाने के एसओ बनने के बाद से ही सपा नेताओं की आंखों की किरकिरी बने हुए थे। इसे लेकर उनकी क्षेत्र के सपा नेताओं से ठन गई थी। सपा नेताओं ने कुछ मामलों में एसपी से उनकी शिकायतें भी कीं लेकिन कोई ठोस वजह सामने न आने के कारण एसओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। बेहटा मुरादपुर मजरा मझारा में शुक्रवार रात दबिश के दौरान हरिराम यादव की छत से गिरने से मौत होने पर सपा नेताओं को एसओ के खिलाफ बड़ा मुद्दा मिल गया। हरिराम के घरवालों के पुलिस कर्मियों पर हत्या का आरोप लगाते ही सपाई आक्रामक हो गए। उन्होंने आंदोलन के जरिये एसपी पर दबाव बनाकर हरिराम की मौत के मामले में सिपाही रोहित और तीन अज्ञात पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
बताते हैं कि इसके बाद भी सपा नेताओं की नाराजगी कम नहीं हुई। वे लगातार एसओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अफसरों पर दबाव बनाए थे। मामला आईजी तक पहुंचा तो उन्होंने भी रविवार शाम पुलिस लाइन में क्राइम मीटिंग में कटरा एसओ की भूमिका पर सवाल उठाए थे। इसके बाद एसपी को एसओ के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आईजी के निर्देश पर सोमवार को एसपी ने एसओ प्रवेश सिंह को निलंबित कर दिया।