शुक्रवार सुबह एक महिला पति की लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से गंभीर घायल हो गई। घटना को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला धोखे से खुद ही गोली चल जाने की बात कह रही है। नगर के मोहल्ला कटरा बाजार निवासी महेंद्र मिश्रा एक पेट्रोल पंप पर गार्ड हैं। शुक्रवार सुबह पांच बजे वह पंप से घर आए। कुछ ही देर बाद उनके घर से फायर की आवाज सुनाई दी और चीखपुकार मच गई। पड़ोस के लोग दौड़कर महेंद्र के घर पहुंचे तो उनकी पत्नी 40 वर्षीय माया देवी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी तड़प रही थीं। महिला को थाने लाया गया और पुवायां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से महिला को बरेली ले जाने की सलाह दी गई। परिवार के लोग महिला को शाहजहांपुर के ही एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि महिला को गाली गलने के मामले में अभी पुलिस को कोई तहरीर आदि नहीं मिली है। परिवार के लोग घायल को इलाज के लिए ले गए हैं। मामले की जांच कराई जाएगी। हालांकि महिला बयान दे रही है कि उससे खुद धोखे से गोली चल गई, जिससे वह घायल हो गई।