बाल विकास परियोजना की मुख्य सेविका ने आंगनवाड़ी/सहायिकाओं के खातों में जाने वाले एरियर की लगभग एक लाख की धनराशि त्रुटिवश बैंक के अन्य सात खातेदारों के खातों में ट्रांसफर हो गई। जानकारी होने पर धनराशि वापस किए जाने की लिखित व मौखिक सूचना के बाद भी धनराशि वापस नहीं किए जाने पर सीडीओ के आदेश पर सात खातेदारों के विरुद्ध सरकारी धन के दुरूपयोग की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। बाल विकास परियोजना की मुख्य सेविका रामेश्वरी ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में कहा है कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के एरियर का भुगतान उनके खातों में किये जाने के दौरान त्रुटिवश अन्य खातेदार सत्यम सिंह निवासी गांव जरीनपुर,रामबहादुर निवासी मोहम्मदपुर गुलड़िया,प्रमिला निवासी ग्राम सराय तालुके बानगांव,सुखदेव निवासी तारापुर के खातों मे 18 हजार-18हजार रूपये तथा राजवीर निवासी गांव बड़ा पहरूआ,आरती देवी निवासी ग्राम कुतुलूपुर तथा वेदप्रकाश निवासी गांव बानगांव के खातों मे नौ-नौ हजार ट्रांसफर हो गया है। रिपोर्ट मे मुख्य सेविका ने कहा है कि जानकारी होने पर इन खातेदारों से मिलकर मौखिक रूप से सरकारी धन वापस किए जाने का अनुरोध किया गया। उक्त सभी खातेदारों ने धन उनके खातों मे आना स्वीकार किया, किंतु वापस करने से इंकार कर दिया। एक माह पूर्व नोटिस देकर भी धन वापस किये जाने को कहा गया, लेकिन सरकारी धन वापस नहीं किया है। अंतत: सीडीओ के आदेश पर सरकारी धन हड़प लेने का अभियोग उक्त खातेदारों के विरूद्ध दर्ज करवाया गया है। पुलिस मुकदमे की विवेचना कर रही है।