थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव नगला सारंग में रहने वाले 45 वर्षीय भगवानदीन उर्फ बड़े का बुधवार की सुबह बबौरी गांव के पास कीचड़ से भरी खाई में शव और बाइक पड़ी मिली। परिवार वालों ने जमीन की रंजिश में हत्या की आशंका जताई है।
भगवानदीन की बड़ी बेटी जुगरानी गांव नगरिया बुजुर्ग में रहने वाले उनके मामा रामलखन के यहां रहती हैं। मंगलवार को जुगरानी की तबीयत खराब होने पर भगवानदीन उसे देखने गए थे। वहां से शाम को बाइक से घर के लिए निकले थे। जब देर रात तक वह नहीं आए तो परिवार वालों ने उन्हें तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं लगा। बुधवार की सुबह गांव बबौरी के पास सड़क किनारे कीचड़ से भरी खंती में भगवानदीन का शव और बाइक मिली। ग्रामीणों ने शव को पहचान कर भगवानदीन के परिवार वालों को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भगवादीन के भाई नरवीर ने जमीन की रंजिश में हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सोनकर बाबू के मुताबिक मौत एक्सीडेंट से होने से लग रही है, आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।