करीब पांच साल पहले खुटार के गांव रामपुर कलां में ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से बनाई गई सरस हाट में दुकानदारों से अवैध वसूली की जाती है। अब इस मामले की शिकायत अभिकरण के परियोजना निदेशक से की गई है।
रामपुर कलां में लगभग पांच वर्ष पूर्व ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से सरस हाट का निर्माण कराया गया था। इस हाट में पक्की दुकानें बनी हैं और टीन शेड भी पड़ा हुआ है। यहां सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को बाजार लगती है। बाजार में आने वाले दुकानदारों से गांव के कुछ लोग अवैध वसूली करते हैं, जो पिछले पांच वर्षों से जारी है।
अब दुकानदारों को जानकारी हुई कि सरस हाट में लगने वाली दुकानों से वसूली का कोई प्रावधान नहीं है। दुकानदारों ने अवैध वसूली की शिकायत डीएम सहित अन्य अधिकारियों से कर मामले की जांच कराने, अवैध वसूली करने वालों से धनराशि की रिकवरी करने और अवैध वसूली पर रोग लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दुकानदारों से वसूली बंद नही हुई तो धरना प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा। ग्राम पंचायत अधिकारी सुशील अग्निहोत्री ने बताया कि सरस हाट में वसूली कौन लोग और क्यों कर रहे हैं इससे उनका कोई लेना देना नहीं है। मामला ग्राम्य विकास अभिकरण से संबंधित है और कार्रवाई भी वहीं से की जाएगी।
अवैध वसूली करने वालों पर होगी कार्रवाई
रामपुर कलां में अभिकरण की ओर से निर्मित हाट में वसूली का कोई प्रावधान नहीं है। यदि वसूली की जा रही है तो यह पूरी तरह से अवैध है। मामले की जांच कराई जाएगी और वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अजय प्रकाश, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण