बुधवार रात पुवायां क्षेत्र में तीन गांवों के पांच घरों से हुई नकदी, जेवर सहित 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी के मामले में पुलिस की नजर तंबू लगाकर रहने वाले घुमंतू लोगों पर टिक गई है। बताया जाता है कि गांव हरदुआ के पास कुछ दिन पूर्व घुमंतुओं का डेरा लगा था। अब यह लोग दूसरी जगह चले गए हैं। गौरतलब है कि बुधवार की रात चोरों ने गांव हरदुआ के पवन मिश्रा के घर से 12 लाख, इसी गांव के सौरभ मिश्रा के घर से लगभग साढ़े पांच लाख, गांव तेंदुआ के गुरप्रीत के घर से दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति, इसी गांव के अमरीक सिंह के घर से बंदूक के 15 कारतूस और गांव काेंप के किशन वर्मा के घर से 10 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। सभी पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने केवल तेंदुआ में हुई चोरियों की रिपोर्ट ही दर्ज की थी।