गूगल पर न्यूज में प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अभद्र टिप्पणी करने के मामले में गूगल डायरेक्टर के खिलाफ सदर थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट की विवेचना सदर बाजार इंस्पेक्टर केके तिवारी ने शुरू कर दी है। साइबर क्राइम यूनिट के जरिये पुलिस पड़ताल में जुट गई है।
अधिवक्ता नंद किशोर की ओर से दर्ज कराई गई मामले में कहा गया है कि गूगल पर इंटरनेशनल न्यूज की तलाश के दौरान उनकी नजर के सामने एक न्यूज आई जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोकस करते हुए देश की गरिमा को नुकसान पहुंचाने वाली थी। इस न्यूज में प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी की गई। अधिवक्ता ने एसपी केबी सिंह को मामले का प्रार्थना पत्र देते हुए इसमें गूगल के डायरेक्टर को दोषी करार देते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर एसपी के आदेश पर सदर थाने में मामले की रिपोर्ट आईटी एक्ट की धारा में दर्ज कर ली गई। मामले की विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर केके तिवारी ने बताया कि इस मामले में साइबर क्राइम सेल की मदद ली जा रही है और अंतर्राष्ट्रीय कानून की समीक्षा भी की जा रही है। वहीं एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि साफ्टवेयर से संबंधित जितने भी कार्यालय हैं। वह ज्यादातर अमेरिका में हैं। उनके नियमों में काफी कुछ छूट है। इसलिए वहां के कानून के बारे में भी जानकारी की जा रही है। विवेचना चल रही है, जो भी सही होगा कार्रवाई की जाएगी।