यहां की पुलिस व संभ्रांत नागरिकाें के सहयोेग से शादी का रिश्ता टूटते-टूटते बच गया।
थाना निगोही के गांव गोरीखेरा निवासी रैवारी ने अपनी पुत्री बिटाना की शादी तिलहर थाना क्षेत्र के गांव हजरतपुर निवासी कढे़र के पुत्र शेरपाल से तय की। तिलक के बाद कढ़ेर अपने बेटे शेरपाल की बारात गाजे-बाजे के साथ गांव गोरीखेरा पहुंची। बारात जनवासे पहुंची ही थी कि शराबियों ने गाली-गलौज कर जमकर उत्पात मचाया। इन लोगों की दबंगई के आगे गांव गोरीखेरा के ग्रामीण तमाशबीन बने रहे। भयभीत बाराती गाड़ी-घोड़ा सामान छोड़कर भाग गये। दबंगों ने चार बारातियों व दूल्हा शेरपाल को अपनी गिरफ्त में लिया और द्वारचार की रस्म अदायगी कराई। मौका पाकर दूल्हा शेरपाल भी खिसक लिया। लडकी पक्ष के रेवारी और वर पक्ष के कढ़ेर ने निगोही थाने पर अपनी-अपनी तहरीर दी। दिन भर चली पंचायत के बाद पुलिस व संभ्रांत नागरिकाें ने समझौता करा दिया। दोनों पक्ष शादी करने पर सहमत हो गये। बारात बैरंग लौटते-लौटते बची।