थाना कांट क्षेत्र के कुर्रियाकलां गांव के पास शनिवार की रात बदमाशों ने राहगीर से बाइक, नगदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने राहगीर की पिटाई कर दी। मामले की तहरीर कुर्रियाकलां चौकी में दी गई है, लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। 15 दिन पहले भी बदमाशों ने फौजियों को लूट लिया था। पुलिस ने इस मामले में भी रिपोर्ट नहीं की थी। हरदोई के थाना पचदेवरा क्षेत्र के गांव कोनी निवासी सूरज शनिवार को बाइक से शहर गए थे। रात में करीब साढ़े नौ बजे घर वापस लौटते समय गांव बहरी कुर्रियाकलां के पास तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने सूरज को रोक लिया। तमंचा दिखाते हुए बदमाशों ने सूरज की बाइक, एक मोबाइल और 22 सौ रुपये छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित अपनी शिकायत लेकर कुर्रियाकलां चौकी पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसे टरका दिया। ग्रामीणों के मुताबिक 15 दिन पहले बदमाशों ने शादी से लौट रहे हरियाणा के दो फौजियों से आठ हजार रुपये और दो स्मार्ट फोन लूट लिए थे। जिसकी तहरीर थाने में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की।