सोमवार को बंडा के रामनगर कालोनी निवासी मूक बधिर 22 वर्षीय पप्पू की सुनासिर घाट पर गोमती नदी में नहाते समय डूब कर मौत हो गई। साथियों के शोर मचाने पर श्रद्धालुओं ने उसे नदी से निकाला और बंडा के सरकारी अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पप्पू महाशिवरात्रि के पर्व पर भगवान शंकर की बारात और शोभायात्रा में शामिल होकर सुनासिर नाथ तट पर गया था। मृतक के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने पीछे तीन भाईयों को छोड़ गया है। मृतक के दो छोटे भाई भी मूक बधिर हैं। सूचना पाकर घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।