प्रधानी चुनावी में हारे एक प्रत्याशी और उसके साथियों ने मौजूदा प्रधान के मकान पर धावा बोलकर गालियां दीं। आरोप है कि मना करने पर आरोपियों ने फायरिंग की। पीड़ित पक्ष की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
ग्राम पंचायत कुंडरा ताल्लके पेहना की प्रधान गुड्डी देवी वर्मा पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बृहस्पतिवार शाम वह परिवार समेत घर पर थीं। इसी दौरान गांव से प्रधानी के चुनाव लड़ा एक प्रत्याशी गांव उम्मरपुर निवासी एक व्यक्ति के अलावा भुलभुलागंज गांव के रहने वाले अपने दो अन्य साथियों के साथ अवैध असलहों से लैस होकर उसके घर की तरफ आये और कहा कि हम तुम्हें प्रधानी नहीं करने देंगे। इस दौरान उक्त लोगों ने जमकर गाली गलौज की। आरोपियों का इरादा भांप उन लोगों ने दरवाजे बंद कर लिए, तभी उन लोगों ने फायरिंग की। इस दौरान अन्य गांव वालों के हस्तक्षेप पर वह लोग धमकी देकर चले गये। पीड़ित के अनुसार उक्त लोग पहले भी ऐसा कर चुके हैं।