बुधवार को गांव बद्रीपुर हदीरा निवासी राजवीर पांडे की 22 वर्षीय पत्नी छाया उर्फ सोनाली की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मृतका के पिता की सूचना पर पुलिस ने बुधवार शाम शव कब्जे में लेकर बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम को भिजवाया। पिता की तहरीर पर मृतका के पति समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कसबा कटरा निवासी हरीराम मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री 22 वर्षीय छाया उर्फ सोनाली की शादी दो वर्ष पूर्व गांव बद्रीपुर हदीरा निवासी राजवीर के साथ की थी। शादी में उन्होंने दान दहेज भी दिया था, लेकिन दामाद राजवीर पांडे, पुत्री के तहेरे ससुर रविंद्र पांडे, ससुर ऋषिपाल पांडे, चचिया सास रानी देवी, सास सुनीता देवी, देवर नन्हें, चचिया ससुर राजेश उर्फ राजपाल, ननद अजूबी और टर्रो दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह लोग और ज्यादा दहेज की मांग कर पुत्री का उत्पीड़न कर रहे थे। जानकारी पाकर उन्होंने दामाद आदि को समझाया, लेकिन इसके बाद भी पुत्री का उत्पीड़न नहीं रुक सका। बुधवार को उन्हें जानकारी मिली कि सोनाली को ससुराल के लोगों ने दहेज नहीं मिलने के कारण मार दिया है। जानकारी पाकर वह पुत्री की ससुराल पहुंचे तो सोनाली उन्हें मृत मिली। हरीराम मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।