शनिवार को थाना रोजा क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी की जहर खाने से मौत होने के मामले में मृतका के परिवारीजनों ने पड़ोसी युवक पर रेप के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। पड़ोसी के खिलाफ तहरीर भी थाने में दे दी है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव का परिवार वालों को सौंप दिया है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी से शादी करने का झांसा देकर पड़ोसी युवक ने संबंध बना लिए थे। शनिवार को वह पत्नी के साथ घर के बाहर गए थे। इसी दौरान उनकी बेटी ने पड़ोसी घर जाकर शादी करने का दबाव बनाया। इस पर पड़ोसी युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इस पर उनकी बेटी जिद करने लगी। मामला बिगड़ता देख उनकी बेटी को पड़ोसी युवक ने जबरन जहर खिला दिया। किशोरी किसी तरह किशोरी अपने घर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर एनडी पाठक के मुताबिक मामला संदिग्ध है। किशोरी के परिवार वालों ने उसे लड़के के साथ देख लिया था। इस पर उसके पिता ने किशोरी की डांट लगा दी, जिससे नाराज होकर उसने जहर खा लिया और उसकी मौत हो गई। किशोरी के पिता की तहरीर पर धारा 376, 302, 328 के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।