बंडा पुलिस ने शुक्रवार रात चोरों के अंतरजनपदीय गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों के पास से चोरी का सामान बरामद किया गया है। गिरोह के सरगना की पत्नी सहित सात बदमाशों को शनिवार को जेल भेज दिया गया। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि सात जनवरी तड़के पुलिस को सूचना मिली कि चोरों का गिरोह क्षेत्र में वारदात करने के इरादे से घूम रहा है। सूचना पर रात साढ़े ग्यारह बजे गांव देवकली के पूर्व माध्यमिक स्कूल के पास पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के छह पुरुष और एक महिला सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। चोरों के पास से एक राइफल, दो तमंचे, छह कारतूस, चाकू, मारुति वैन, बाइक भी बरामद की गई है। पूछताछ के बाद चोरों की निशानदेही पर खुटार और बंडा क्षेत्र से चोरी एक टीवी, बैटरी, लैपटॉप, दो सोलर प्लेट, चांदी की पायल, मंगलसूत्र, चांदी की बिछिया, एक अंगूठी, टॉप्स, हार, तांबे का पांच किलो तार, बर्तन और 13610 रुपये भी बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए चोरों खुटार के गांव टाह का राजू उर्फ करीमुल्ला, राजू की पत्नी रेखा देवी, खीरी के थाना मैलानी के गांव संसारपुर का हारूल, बंडा का मुकेश, दिनेश, उमेश और रोहित ने पुलिस को बताया कि रेखा गिरोह के लिए रेकी का काम करती है। इसके बाद वे लोग तयशुदा जगह पर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। चोरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में बंडा एसओ उदयवीर सिंह, एसआई आशुतोष रघुवंशी, सुनील कुमार, जयपाल सिंह, सिपाही विजयभान, घनश्याम यादव, देवेंद्र यादव, विवेकानंद मिश्रा, सुरेश यादव, अशोक कुमार, शमा परवीन, सज्जाद अली शामिल रहे।
बंडा क्षेत्र में हो रही चोरी की वारदातें पुलिस के लिए चुनौती बनी हुईं थीं। धरकपड़ अभियान के तहत बंडा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अंतरजनपदीय चोर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी का माल भी बरामद हुआ है।- रमेश भारतीय, एसपी (ग्रामीण), शाहजहांपुर