मिनी ट्रक में वध के लिए जा रहे 40 प्रतिबंधित पशु पुलिस ने बरामद किए हैं। इस दौरान चालक-हेल्पर भाग जाने में कामयाब रहे।
मंगलवार रात थानाध्यक्ष रजी अहमद पुलिस बल के साथ शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर रोड गश्त कर रहे थे। सूचना मिली शाहजहांपुर दिशा से पीलीभीत के लिए प्रतिबंधित पशुओं से भरा मिनी ट्रक जा रहा है। पुलिस ने टिकरी चौकी व गुरगवां के बीच वाहन लगाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया और मार्ग के किनारे बैठ गए। कुछ ही देर में तेज गति से एक मिनी ट्रक आकर रूका और उस मिनी ट्रक से उतर कर दो लोग भागने लगे। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें पुलिस ने 12 मृत और 28 जीवित प्रतिबंधित पशु बरामद कर अज्ञात दो लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने बरामद पशुओं को ग्रामीणों में वितरित कर दिया।