थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी गाड़ीपुर में रहने वाली 30 वर्षीय शब्बो को उसके पति और सास ने मंगलवार को जबरन जहर पिलाकर जान से मारने की कोशिश की। शब्बो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तिलहर के मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी अकरम ने पांच साल पहले अपनी बेटी शब्बो की शादी आरसी मिशन क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी शानू से की थी। आरोप है कि शानू के मोहल्ले की ही किसी महिला से संबंध हैं। इसके चलते शानू आए दिन शब्बो को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है। शब्बो ने बताया कि मंगलवार को दिन में शानू ने उसकी पिटाई की। विरोध करने पर शानू ने अपनी मां फरजाना के साथ मिलकर उसके मुंह में जबरन कीटनाशक डाल दिया। शब्बो तड़पने लगी तो शानू और फरजाना घर से फरार हो गए। मोहल्ले वालों ने शब्बो के पिता अकरम को सूचना देकर बुलाया। गंभीर हालत में शब्बो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक इलाज के बाद शब्बो की हालत में सुधार है। अकरम ने थाना आरसी मिशन में शानू और उसकी मां के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो महिलाओं समेत पांच ने खाया जहरीला पदार्थ
शाहजहांपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को दो महिलाओं समेत पांच लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जियाखेल निवासी पोथीराम की 20 वर्षीय पत्नी हसन्ना, मोहल्ला बिजलीपुरा निवासी सुरेंद्र कुमार के 21 वर्षीय बेटे गोलू, थाना कांट क्षेत्र के गांव मुड़िगवां निवासी महिपाल के 15 वर्षीय बेटे अभिषेक, थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव बगिया अशफाक नगर निवासी 45 वर्षीय शगीर और थाना निगोही क्षेत्र के गांव मोहरतला निवासी मैकूलाल की 30 वर्षीय पत्नी मीना ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों मुताबिक इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार है।