मीरानपुर कटरा। क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर में बुधवार को हुए जसवीर हत्याकांड में कुछ अहम बातों का खुलासा हुआ है। घर से बुलाकर शराब पिलाने के बाद उसे सिर से तमंचा सटाकर गोली मारी गई थी। घटना के 20 घंटे बाद एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। इस मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है। जगन्नाथपुर में छोटे सिंह के 35 वर्षीय पुत्र जसवीर सिंह उर्फ रिंकू की बुधवार देर शाम गांव में उसके मौसेरे भाई दिनेश के घर के सामने सड़क पर तमंचे से गोली मारकर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। डर के मारे ग्रामीण घरों में दुबक गए। घटना के बाद हत्यारे फरार हो गए। थाने पर मृतक के पिता छोटे सिंह की ओर से थाना जैतीपुर के गांव पडै़निया के जीतू, रोनू, राजीव और मृतक के मौसेरे भाई दिनेश के विरुद्ध रिपोर्ट कराई गई है। हालांकि इनके बीच क्या रंजिश थी, इसका जिक्र नहीं किया है। बृहस्पतिवार को सीओ मनोज यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों के बयान लिए। उन्होंने पुलिस को घटना की हकीकत पता करके हत्याभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
घर का इकलौता चिराग था जसवीर
मृतक जसवीर पांच बहनों के बीच अकेला भाई था। जसवीर तीन बहनों के बाद चौथे नंबर का था। उसकी चार बहनों की शादी हो चुकी है। एक बहन मोनी अविवाहित है। जसवीर के भी एक बेटी समेत तीन बच्चे हैं।
घर के इकलौते चिराग के बुझ जाने से उसके बूढ़े मां बाप की तो जैसे दुनिया ही उजड़ गई है। मां सावित्री ने सिसकते हुए बताया कि उसका जिगर का टुकड़ा तो घर में बैठा था। उसे पता होता कि उसका लाल कभी वापस नहीं आएगा तो वह उसे कभी नही जाने देती। वहीं मृतक की छोटी बहन मोनी के अनुसार उसके भाई को हत्यारों ने शराब पिलाने के बाद सड़क पर पकड़कर उसकी आंखों के सामने गोली मार दी। उसे जिंदगी भर इस बात का मलाल रहेगा कि वह अपने भाई को बचा ना सकी। इस हादसे से उसकी पत्नी अंकी का रो रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिजनों की सिसकियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं।