क्षेत्र के गांव रक्शा नहर पुलिया के पास रविवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने गांव मैनी में रहने वाले गल्ला व्यापारी सर्वेश गुप्ता की पत्नी गुड्डी और साली कल्पना से जेवर लूट लिए। घटना के बाद बदमाश मोहम्मदी की तरफ भाग गए। रिपोर्ट लिखने की बात पर सिंधौली और मोहम्मदी पुलिस सीमा विवाद में उलझी हुई है।
गांव मैनी निवासी सर्वेश गुप्ता रविवार को अपनी पत्नी गुड्डी के साथ थाना पसगवां (लखीमपुर) क्षेत्र के गांव सैंजना में होली मिलने गए थे। वहां उनकी साली कल्पना भी बाइक से उनके साथ चल दीं। रास्ते में रक्शा गांव की मोड़ से दो सौ मीटर पहले लाल रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने सर्वेश की बाइक रोक ली। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर गुड्डी और कल्पना से सोने के झाले, झुमकी, पायल, कंठी और मंगलसूत्र लूट लिए। लूट को अंजाम देने के बाद बदमाश मोहम्मदी की तरफ भाग गए। सर्वेश घटना की शिकायत पसगवां थाने की चौकी महमदपुर पहुंचे, लेकिन वहां पुलिस कर्मियों ने घटना सिंधौली थाने की कहकर टरका दिया। सिंधौली पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट लिखने का फैसला करेगी।