थाना तिलहर क्षेत्र में बंथरा गांव के पास नेशनल हाईवे पर बोलेरो सवार बदमाश रविवार की रात असलहों के बल पर डीसीएम चालक और उसमें सवार व्यापारियों को बंधक बनाकर मवेशियों से भरी डीसीएम गाड़ी लूट ले गए। बदमाश सभी के साथ लूटपाट करने के बाद उन्हें गन्ने के खेत में फेंककर भाग गए। लूटे गए मवेशियों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जनपद रामपुर के रहने वाले तंजीम कुरैशी, मोहम्मद तंजीम, ताहिर अली और मुरादाबाद के हीरा लाल पशु व्यापारी हैं। चारों व्यापारी जिला फैजाबाद की जुवैरगंज मंडी में पशु खरीदने गए थे। खरीदी गई 10 भैंसों को एक डीसीएम गाड़ी में लादकर वह दलपतपुर मुरादाबाद के लिए चले। डीसीएम गाड़ी फैजाबाद के थाना दीमापुर के गांव चहुंआभामी निवासी सुखदेव चला रहे थे और उनके साथ वहीं का हेल्पर महाराजदीन था। व्यापारियों ने बताया कि रविवार की रात करीब दो बजे जब उनकी डीसीएम गाड़ी थाना तिलहर क्षेत्र के गांव बंथरा के पास नेशनल हाईवे से गुजर रही थी, तभी पीछे से आई एक सफेद रंग की बोलेरो ने उनकी डीसीएम को ओवरटेक करके रोक लिया। गाड़ी रुकते ही बोलेरो में सवार बदमाशोें ने असलहों के बल पर सभी को गाड़ी से नीचे उतार लिया। बाद में उनके हाथों और आंखों में पट्टी बांधकर बोलेरो में बैठा लिया। एक बदमाश ने उनकी गाड़ी को कब्जे में ले लिया। बाकी चार बदमाश उन्हें कार में डालकर डीसीएम आगे-आगे लेकर बरेली की ओर चलने लगे। व्यापारियों के मुताबिक करीब एक घंटा चलने के बाद बदमाश सभी को जलालाबाद रोड पर गांव नगरिया के निकट गन्ने के खेत में फेंककर फरार हो गए। सुबह करीब पांच बजे उन्होंने जैसे-तैसे खुद को बंधन मुक्त कर कटरा थाने पहुंच कर पुलिस को पूरी बात बताई। कटरा पुलिस ने घटना थाना तिलहर क्षेत्र की बताकर उन्हें वहां भेज दिया। तिलहर पुलिस ने घटना कटरा थाना क्षेत्र की बताई। काफी देर के बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप पर कटरा पुलिस ने व्यापारियों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
बदमाशों ने 70 हजार की नगदी भी लूटी
व्यापारियों ने बताया कि कार में डालने के बाद बदमाशों ने तंजीम कुरैशी से चार हजार, मोहम्मद तंजीम से पांच हजार, ताहिर से 10 हजार और हीरालाल से 47 हजार रुपये लूट लिए। इसके साथ बदमाशों ने सभी को धमकी देते हुए उनके मोबाइल भी छीन लिए।
30 से 35 वर्ष की उम्र के थे बदमाश
व्यापारियों ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने वाले सभी बदमाशों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच की थी। बदमाशों के कब्जे में आने के बाद हाथपैर और आंखों में पट्टी बांधते समय उन लोगों ने उनकी चेहरे देख लिए थे। उनका कहना कि अगर बदमाश सामने आए तो वह पहचान लेंगे।
लूट की घटना का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
- आरपीएस यादव , एसपी