बंडा से पुवायां आ रहे दंपति के बैग से डेढ़ लाख रुपये के जेवर गायब होने के मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बंडा के गांव देवकली निवासी मदनलाल अपनी पत्नी रमला देवी के साथ सोमवार को मैजिक वाहन से बंडा से पुवायां आ रहे थे। रास्ते में उनके बैग में रखा सोने का हार, लर, झुमकी, मंगलसूत्र गायब हो गया। दंपति पुवायां आकर मैजिक से उतरे तो बैग में रखे जेवर गायब देख उनके होश उड़ गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मैजिक में सवार बंडा के गांव पसियापुर और बनिगवां के दो युवकों को हिरासत में लिया है। मदनलाल ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। जेवर गायब होने और दो युवकों के पकड़े जाने की जानकारी पाकर बंडा के ही गांव शिवनगरा के सचिन पटेल की पत्नी अंतिमा पटेल भी पुवायां कोतवाली पहुंची। अंतिमा ने पुलिस को बताया कि मार्च में उनके ढाई लाख रुपये के जेवर भी मैजिक से बंडा से पुवायां आते समय गायब हो गए थे। अंतिमा ने पकड़े गए युवकों को देखकर बताया कि उनके जेवर गायब होने के दिन भी यही युवक मैजिक में सवार थे। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है।