गोपालपुर नगरिया के विमलेश की हत्या का तीन लोगों पर आरोप लगाते हुए घरवालों ने ग्रामीणों की मदद से रविवार को हाईवे पर जाम लगा दिया। मालूम हो कि शनिवार को गोबरसंडा रेलवे क्रॉसिंग के पास विमलेश की लाश मिली थी। पुलिस विमलेश की मौत करंट लगने से होना बता रही है।
कोतवाल रूम सिंह यादव के अनुसार गांव गोपालपुर नगरिया निवासी विमलेश की गोबरसंडा रेलवे क्रासिंग के पास लाश पड़ी होने की सूचना मिली। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की तो पता चला कि विमलेश की मौत तार काटने की कोशिश में करंट लगने से हुई है। घटनास्थल से एक आरी भी बरामद हुई। जिसका लकड़ी का बेंट जला हुआ मिला। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण करेंट बताया गया है, जबकि परिजनों का कहना है कि बंथरा निवासी हरमंत, काली और काका ने हत्या करके शव को रेलवे ट्रैक पर डाला था।
विमलेश के घर वालों ने ग्रामीणों की मदद से रविवार को इन्हीं तीनों लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मुकदमा दर्र्र्र्ज करने के आश्वासन देकर जाम खुलवाकर यातायात सुचारू करवाया। इस दौरान वाहनों की कतारें लग गईं। विधायक राजेश यादव भी काफी देर जाम में फंसे रहे।
प्रथम दृष्टया उक्त प्रकरण हत्या का नहीं वरन दुर्घटना का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण करंट बताया गया है। फिर भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांचोपरांत न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।
- रूम सिंह यादव, कोतवाल तिलहर