बुधवार दोपहर गन्ना लदे ट्रक पर बिजली का हाइटेंशन तार टूटकर गिर गया। इससे ट्रक में आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे ट्रक जलकर राख हो गया। गन्ना भी पूरी तरह नष्ट हो गया।
थाना क्षेत्र के गन्ना शोध संस्थान परिसर में बुधवार दोपहर तीन बजे एक ट्रक गन्ना हरगांव चीनी मिल सीतापुर भेजा जा रहा था। ट्रक चालक अमित ने पुलिस को बताया कि जब कैंपस गेट के पास पहुंचे, तभी ऊपर से गुजरते बिजली के तार टूट कर ट्रक पर गिर गए। स्पार्किंग से पहले गन्ना फिर पूरे ट्रक में आग लग गई। ड्राइवर और हेल्पर ने किसी तरह कूदकर जान बचाई।
ट्रक में लगी आग को देखते ही वहां मौजूद संस्थान के पर्यवेक्षक एसके शुक्ला ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस पर जिला अग्निशमन अधिकारी डीएस यादव, रोजा थाने के एसआई जेपी सिंह दो दमकल और रोजा एजर्नी पावर सप्लाई कॉरपोरेशन की एक दमकल के साथ मौके पर आ गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ही आग पर काबू पाया गया है।