गोंडा के रानी बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक में लूटपाट करने वाले लुटेरों की तलाश करते हुए पुलिस यहां भी आ पहुंची। सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज के आधार पर सदर बाजार कोतवाली में चस्पा किए गए दो लुटेरे की फोटो देखकर पहचान बताने वाले को पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा की गई है।
रानी बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक में 10 अक्तूबर 2017 को लुटेरों ने धावा बोला था। वहां लुटेरों ने गार्ड की गोली मारकर हत्या करने के बाद पचास लाख रुपये से भरा कैश बाक्स लूट लिया था। घटना के बाद से गोंडा पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी है। बैंक के पास सीसीटीवी कैमरे से पुलिस को एक लुटेरे की फुटेज मिली है। इसी फुटेज के आधार पर गोंडा पुलिस ने लुटेरों की तलाश में शाहजहांपुर पुलिस का भी सहयोग मांगा है। हो सकता है कि घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे शाहजहांपुर में छिपे हो। सदर बाजार कोतवाली में इसी तरह का एक पोस्टर चस्पा किया गया है। सदर बाजार पुलिस ने फुटेज में दिख रहे लुटेरों की तलाश में मुखबिरों का जाल बिछाया है।