थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव बड़ा वन में शनिवार देर शाम 24 वर्षीय सुमन ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल उलटकर आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात सुमन ने दम तोड़ दिया। मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने सुमन को जलाकर मार डाला। थाना तिलहर क्षेत्र के गांव कुआडांडा निवासी रामौतार ने अपनी बेटी सुमन की शादी दो साल पहले बड़ा वन निवासी रोहित वर्मा से की थी। रामऔतार के मुताबिक उन्होंने बेटी की शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले दहेज में बाइक और फ्रिज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने सुमन को जलाकर मार दिया। उन्हें बेटी के मरने की सूचना ग्रामीणों के द्वारा मिली। वहीं मृतका के पति रोहित ने बताया सुमन परिवार से अलग रहना चाहती थी। इसलिए दो दिन से सुमन अलग खाना बना रही थी। शनिवार को वह काम करके घर लौटा तो सुमन ने खाना नहीं बनाया। इससे रोहित ने अपनी मां से खाना लेकर खा लिया। इसी बात को लेकर सुमन और रोहित के बीच विवाद हो गया। सुमन ने अपने पिता को मोबाइल पर फोन करके कहा कि वह उसे ससुराल से ले जाएं। मगर उन्होंने सुमन से कह दिया कि अब चाहे तुम जियो या मरो मुझे तुमसे से कोई मतलब नहीं। इसी बीच रोहित गांव में दुकान पर गुटखा लेने चला गया। तभी सुमन ने आग ली। चीख-पुकार की सुनकर घर पहुंचे रोहित ने आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें उसके हाथ-पैर झुलस गए। सुमन ने मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में भी ससुराल वालों को दोषी नहीं ठहराया है। एसओ सिंधौली चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।