पांच दिन पूर्व गांव जड़ौली के चार घरों से दो लाख के माल पर हाथ साफ करने के बाद चोरों ने शनिवार रात फिर से एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी, जेवर सहित एक लाख का माल चोरी कर लिया। इसके अलावा शुक्रवार रात भी चोरों ने गांव अगौना खुर्द में दो घरों से डेढ़ लाख और बख्त्यारपुर के एक घर से पचास हजार का माल लेकर चंपत हो गए। चोरी की तहरीरें मिलने के बाद पुलिस ने मौका मुआयना तो कर लिया, लेकिन एक भी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। गांव जड़ौली के हरपाल सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार की रात वह परिवार के साथ आंगन में सो रहे थे। दीवार फांदकर घर में घुसे अज्ञात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखी 16 हजार की नगदी, एक जोड़ी झुमकी, दो अंगूठी, एक जोड़ी पायल, कमर बिछुआ आदि जेवर और घरेलू सामान सहित लगभग एक लाख का माल चोरी कर लिया। सुबह जागने पर कमरे का ताला टूटा देख उन्हें चोरी का पता लग सका। रविवार को भाकियू भानु गुट के जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव के साथ उन्होंने कोतवाली पहुंचकर इंस्पेक्टर को चोरी की तहरीर दी। उधर शुक्रवार की रात चोरों ने गांव अगौना खुर्द निवासी अश्वनी कुमार के घर अज्ञात चोर दीवार फांदकर घुस गए और कमरे में रखी पचास हजार की नगदी, दो जोड़ी कुंडल आदि घरेलू सामान चोरी कर लिया। चोरों ने इसके अलावा गांव के ही रामचरन के घर से एक जोड़ी कुंडल, दो जोड़ी पायल, पांच हजार नगदी, कमलेश के घर से 15 सौ नगदी, दो जोड़ी पायलें आदि सामान चोरी कर लिया। गांव बख्त्यारपुर में कुशाली के घर से नगदी, जेवर सहित हजारों का माल चोरी कर लिया। सभी लोगों को सुबह चोरी की जानकारी हो सकी। बता दें कि गांव अगौना खुर्द क्षेत्र में चोरी की वारदातों को लेकर थाने से रोजाना एक टीम वाहन से गश्त के लिए जाती है। एक ही हल्के में एक पुलिस टीम के भ्रमण करने के बाद भी चोरियां होने से गश्त के दावों की पोल खोलने के लिए काफी हैं।