फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए क्राइम ब्रांच टीम ने सिंधौली पुलिस टीम के साथ मिलकर फर्जी शस्त्र लाइसेंस का भंडाभोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए इन लोगों के पास से फर्जी शस्त्र लाइसेंस के नाम पर खरीदे गए शस्त्र भी बरामद हुए हैं। इस प्रक्रिया में कचहरी के एक बाबू का नाम भी सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस जालसाजी का भंडाफोड़ करने वाली टीम को एसपी ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पत्रकारों को जानकारी देते हुए एएसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव बबक्करपुर निवासी संजय सिंह यादव व उसके भाई लालाराम और झनकार सिंह ने पूछताछ में बताया कि उनके पास जो शस्त्र और लाइसेंस बरामद हुए हैं, उन्हें थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव महोलिया मुंडी निवासी अमर सिंह व शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आनंदपुरम् कालोनी निवासी श्यामबिहारी ने बनवाकर दिए थे। वहीं गिरफ्तार अमर सिंह व श्यामबिहारी ने पूछताछ में बताया कि उनका तीसरा साथी जुगल किशोर जो इस समय जिला कारागार में बंद है, उसकी कचहरी में एक बाबू से सांठगांठ है और जुगल किशोर ने इसी बाबू के जरिए फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर दिए। जिन्हे उसने रुपये लेकर लोगों को दे दिए।