मुठभेड़ में पकड़े बदमाश ने चार लूट वारदात कबूली
कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की रात टोल प्लाजा के पास मुठभेड़ में एक बदमाश को दबोच लिया था। पकड़े गए बदमाश ने लूट की चार वारदातें कबूल की हैं। इनमें दो घटनाएं बरेली, एक फर्रुखाबाद और एक खुटार की है। पुलिस लाइंस सभागार में रविवार को हुई प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि नेशनल हाइवे पर टोल प्लाजा के पास शुक्रवार रात कुछ बदमाश खड़े होने की सूचना मिली। इस पर कोतवाली ने जाकर घेराबंदी की तो चार बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए थे। एक बदमाश को दबोच लिया गया। उसके पास लूट की दो बाइक, एक तमंचा और एक कारतूस मिला। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम विपिन कुमार द्विवेदी पुत्र राम नरेश द्विवेदी निवासी गांव खनगवां, थाना बेहटा गोकुल, जिला हरदोई बताया। उसने अपने साथियों के नाम कस्बा कलान के बृजनंदन तिवारी, पिंटू उर्फ शैलेेंद्र और शिब्बा उर्फ सुभाष व थाना सिंधौली क्षेत्र के ग्राम कटैल के अजीत सिंह बताए। विपिन कुमार ने बताया कि वह अपने साथियों समेत चार पहिया वाहन से हाइवे पर चलते हैं और बाइक, मोबाइल और नगदी लूट लेते हैं।