रोड गश्त कर रहे एसओ अमर सिंह ने लग्जरी कार से वध के लिए जा रहे तीन प्रतिबंधित पशु पकड़ लिए। पशु माफिया ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ा कर जान से मारने का प्रयास किया। अपने को घिरा समझ अंधेरे का लाभ लेकर पशु माफिया लग्जरी गाड़ी छोड़ कर फरार हो गए। एसओ अमर सिंह पुलिस बल के साथ कस्बे के हमजापुर चौराहे पर रोड गश्त कर रहे थे। रविवार रात 12 बजे संदेह के आधार पर शाहजहांपुर से पीलीभीत की ओर तेज गति से जा रही लग्जरी कार को रोके जाने का पुलिस ने संकेत किया। चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और तेज कर दी। एसओ ने कस्बे के पुराना बस स्टाप पर पिकेट ड्यूटी पर लगे सिपाही एस कुमार, होमगार्ड बृजकिशोर को वाहन लगाकर रोड जाम किए जाने की हिदायत देकर भाग रही कार का पीछा किया। गाड़ी चालक कस्बे के पुराने बस स्टाप पर पहुंचा और देखा मार्ग बंद है पुलिस भी मुस्तैद है। गाड़ी चालक ने पुलिस बल पर की गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस ने अपने को बचाया। गाड़ी के पीछा कर रहे एसओ अमर सिंह भी आ पहुंचे। दोनों तरफ से अपने को घिरा समझ दो पशु माफिया गाड़ी छोड़ कर फरार हो गये। पुलिस ने लग्जरी कार से तीन प्रतिबंधित पशु बरामद किए। पुलिस ने दो अज्ञात पशु माफियाओं पर रिपोर्ट दर्ज कर गाड़ी कब्जे में ले ली और बरामद पशुओं को ग्रामीणों में वितरित कर दिए। इससे एक दिन पूर्व ही पुलिस ने एक ट्रक से 37 पशु पकड़े थे।