सप्ताह भर पहले मारपीट में घायल हुए बालक की बुधवार रात इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। उधर, पुलिस ने अभी तक एक भी आरोपी नहीं पकड़ा। इसको लेकर भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कश्यप ने कार्यकर्ताओं के साथ जाकर एसडीएम व सीओ को ज्ञापन देकर उचित धाराओं में मुकदमा तरमीम करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।
कलान क्षेत्र के गांव मालौ निवासी घासीराम के 12 साल के बेटे अनूप कश्यप ने 12 फरवरी को आबादी क्षेत्र में लगे पेड़ से बेर तोड़ लिए थे। आरोप है कि इससे नाराज पड़ोस के लोगों ने अनूप को पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया था। उसे गंभीर हालत में फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने महज एनसीआर दर्ज की थी। अभी तक कोई आरोपी पकड़ा भी नहीं गया। एसडीएम व सीओ को दिए गए ज्ञापन में इस मामले में उचित धाराओं में मुकदमा तरमीम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मृतक के घरवालों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई है।
उधर, इस मामले में कलान एसओ अमर सिंह ने बताया कि बेर तोड़ने को लेकर बच्चों में विवाद हुआ था। मगर पुलिस की जांच में मारपीट का आरोप सही नहीं पाया गया। फिर भी दो आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली गई थी। अगली कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।