बीमा कराने के नाम पर खीरी जनपद के गोला कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने 1.40 लाख रुपये ठग लिए। इसकी तहरीर देने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गांव उमरिया कल्यानपुर निवासी नत्थू ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उनके घर गोला स्थित बिजली उपकेंद्र पर काम करने वाला एक व्यक्ति अपनी साथी को लेकर पहुंचा था। उन्होंने खुद को एक फाइनेंस कंपनी में काम करने की बात कहकर साढ़े तीन साल में रुपये दोगुने होने का लालच देकर बीमा कराने के लिए कहा। उन्होंने विश्वास करके डेढ़ लाख रुपये फिक्स करने के लिए दे दिए। इसके बाद उन्होंने कई बार पॉलिसी मांगी तो आरोपी टरकाता रहा। 16 जून को उन्हें रिश्तेदार के माध्यम से एक पॉलिसी मिली, जिससे उन्हें पता लगा कि उनकी केवल एक लाख 41 हजार रुपये का बीमा किया गया है। इसमें से पहली किश्त के रूप में 10 हजार 194 रुपये जमा कर दिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने आरोपी युवक के नंबर पर कई बार फोन किया, लेकिन वह रिसीव नहीं कर रहा है। इसके बाद पीड़ित ने थाने जाकर तहरीर दे दी। पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कहकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की।