नगर के एक व्यवसायी के ट्रक के टैंक से 150 लीटर डीजल चोरी के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। उसकी निशानदेही पर चुराया गया कुछ डीजल भी बरामद हुआ है। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मोहल्ला शिवपुरी निवासी व्यवसायी रमेश गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर बताया कि बृहस्पतिवार की रात को उनका लोड ट्रक गल्ला मंडी में खड़ा था। उसी दौरान गांव साहबगंज निवासी कौशल तथा श्रवण ने ट्रक के टैंक को खोलकर उसमें भरा डीजल चुरा लिया। तमाम डीजल नाली में भी बहा दिया। ट्रक चालक को सुबह ट्रक से डीजल चोरी का पता लगा। चोरों की तलाश में कई जगह पूछताछ की गई। सुराग मिलने पर व्यवसायी रमेश गुप्ता ने कौशल को पकड़ कर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। पुलिस नेे कौशल की निशानदेही पर 50 लीटर डीजल बरामद कर लिया, जबकि दूसरा चोर फरार है। एसओ धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि घटना के संबंध में पुलिस ने तत्परतापूर्ण कार्रवाई है। डीजल चोरी की घटना के शिकार व्यवसायी के सहयोग से घटना में लिप्त रहे एक आरोपी को काबू कर लिया गया है और दूसरे की तलाश की जा रही है।