पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दिया कार्रवाई का भरोसा
जिला हरदोई के थाना पचदेवरा क्षेत्र के गांव सकरौली निवासी युवक का शव बुधवार को कुतुआपुर स्थित ससुराल में गांव के बाहर पाया गया। मिला। जीभ बाहर निकली होने, नाक से खून रिसने व सीने पर नीला निशान होने पर घरवालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। मृतक के घरवालों ने हत्या का शक ससुरालियों पर जताया है, क्योंकि उसकी अपनी पत्नी से अनबन रहती थी। वह इन दिनों अपने मायके में है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस मनोज की मौत की अधिक शराब पीने से मान रही है। गांव सकरौली निवासी 35 वर्षीय मनोज राठौर की पत्नी अंगूरा देवी तीन माह से यहां क्षेत्र के गांव कुतुआपुर स्थित मायके में पिता संतराम के घर पर है। मनोज दिल्ली में रहकर टैक्सी चलाता था। शनिवार को वह दिल्ली से पहले अपनी ससुराल गया फिर अगले दिन रविवार को अपने गांव सकरौली चला गया। यहां एक दिन रुकने के बाद सोमवार को पिता रामरतन से यह कहकर घर से निकला कि वह ससुराल जा रहा है और वहीं से वह दिल्ली चला जाएगा। पिता ने मंगलवार को उसके मोबाइल पर कॉल की, तो नंबर नहीं लगा। इसके बाद ससुराल वालों को फोन करके पूछा तो बताया गया कि वह यहां नहीं आया है। इस पर घरवाले अनहोनी की आशंका से डर गए। बुधवार सुबह कुतुआपुर गांव के बाहर दो सौ मीटर की दूरी पर मां जालिपा देवी मंदिर के पीछे दाना मियां की मजार के पास उसका शव बरामद हुआ। बताते हैं कि शव को मृतक के साले ने देखा और उसी ने पहचान कर पहले अपने घर वालों को जानकारी दी। इसके बाद मृतक के घर सकरौली स्थित उसके परिवार वालों को जानकारी दी। घरवाले रोते-बिलखते यहां पहुंचे। उन लोगों ने शव देखा तो उसके मुंह से हल्की जीभ निकली हुई थी। नाक से खून रिस रहा था और सीने पर नीला निशान पड़ा था। इस पर मृतक के घरवालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस ने घर वालों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मृतक के पिता ने बेटे की पत्नी, सास-ससुर व तहेरे ससुर पर हत्या का शक जाहिर किया है।