जिला अस्पताल में गरीबाें की जेब पर पड़ रहे डाके को बृहस्पतिवार खुद सीएमएस डॉ. केशव स्वामी ने पर्दाफाश कर दिया। डॉ. स्वामी ने अस्पताल के एक डॉक्टर के हाथ की लिखी बाहर की दवाई की पर्चियों को पकड़ लिया। इसके बाद तो सीएमएस दिन भर ओपीडी में और डॉक्टरों की पर्चियों को तलाशने में जुटे रहे। बृहस्पतिवार सुबह सीएमएस राउंड पर निकले तो किसी मरीज ने हड्डी विभाग के डॉक्टर की शिकायत की। उन्होंने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान ट्रॉमा सेंटर के बाहर एक मरीज के हाथ में पर्ची दिखने पर उसे रोक लिया। पहले तो उसने पर्ची को छुपाने की कोशिश की, लेकिन जब सीएमएस ने डपटा तो हाथ में थमा दी। उन्होंने पूछा कि किस डॉक्टर ने लिखी है बाहर की दवा, तो उसने बताया कि हड्डी के डॉक्टर ने। बाद में जब पर्ची की जांच की गई तो पता चला कि पर्ची डॉ. वाईपी गौतम ने लिखी थी। इसके बाद सीएमएस फुल एक्शन में आ गए और जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों से बाहर की दवाई लिखे जाने संबंधित जानकारी ली।