सिंधौली/मुड़िया पवार। सोमवार रात भिंड- लिपुलेह मार्ग पर सिंधौली से तीन किलोमीटर आगे रजऊ गांव के पास शाहजहांपुर की ओर जा रही कार गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गई। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भेजा गया। वहां से सोलह वर्षीय घायल लव को बरेली रेफर कर दिया गया। कार चला रहे अमित शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शाहजहांपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाडूजई प्रथम में उस्मान बाग चौकी के पास रहने वाले 45 वर्षीय शिक्षक विमलेश शुक्ला अपने भाई, पत्नी और बेटों के संग ऑल्टो कार से पुवायां थाना क्षेत्र के गांव नाहिल में एक कार्यक्रम में शरीक होने गए थे। लौटते समय कार उनके भाई अमित शुक्ला चला रहे थे। घना कोहरा होने से अमित को आगे जा रही गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली नजर नहीं आई। इससे कार पीछे से ट्राली में घुस गई। हादसे में विमलेश और उनके छोटे बेटे बारह वर्षीय कुश की मौके पर ही मौत हो गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल मीना (40), उनके बेटे लव और देवर अमित (38) को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां गंभीर हालत को देखते हुए लव को बरेली रेफर कर दिया गया। अन्य दो को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौत की सूचना पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। विमलेश की पत्नी मीना का रो-रोकर बुरा हाल है।