नगर के सबसे भीड़भाड़ वाले राजीव चौक पर शुक्रवार की सुबह एक ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन काफी देर तक जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी हुई। शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे शाहजहांपुर रोड से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने राजीव चौक चौराहे पर निगोही रोड की ओर से आई कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे ट्रक चालक को लोगों ने पकड़ लिया। कार चालक राहुल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के साथ ही चालक को भी कोतवाली ले गई। हादसे में कार सवार लोगों को मामूली चोट आई। दुर्घटना के बाद राजीव चौक पर भारी जाम लग गया। शाहजहांपुर, खुटार, निगोही और बंडा रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने काफी मशक्कत कर जाम खुलवाया। बाद में समझौता हो जाने पर ट्रक को छोड़ दिया गया।