कालेज से घर जाते अक्सर करते हैं छेड़खानी
बाइक पर बैठाकर अपहरण की कोशिश
घंटाघर के पास दुपट्टा खींच कर भागे शोहदे
महिलाओं-छात्राओं के साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाए जाने के लाख दावों के बावजूद घटनाएं रुक नहीं रहीं है। बीएससी की एक छात्रा शोहदो से इस कदर परेशान है कि वह जीना नहीं चाहती है। शोहदों की हरकतों की शिकायत उसने एसपी से की। इस पर सदर थाने में मुकदमा कायम कर दिया गया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने की वजह से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी बीएससी की छात्रा ने एसपी को दिए गए पत्र में बताया कि वह जब कालेज से अपने घर के लिए जाती है तो अक्सर सारंग मिश्रा और सत्यम सिंह चौहान उसका पीछा करते हुए उससे एक पक्षीय प्यार का इजहार करते हुए धमकी देते हैं कि यदि ऐसा नहीं करोगी तो अपहरण कर लूगा। आरोप लगाया कि दोनों ने मोबाइल से वाट्सएप पर एक ग्रुप पर भद्दी टिप्पणी के साथ कालो नाम से बनाया है। इस ग्रुप पर उसको निशाना बनाते हुए गंदे-गंदे कमेंट्स किए जा रहे हैं। सारंग मिश्रा ग्रुप के प्रोफाइल में (डीपी) बदलकर उसका फोटो लगाकर समाज में उसे बदनाम करने का प्रयास किया गया। दोनों की हरकतों से आजिज वह आत्महत्या करने को मजबूर है। पीड़िता ने बताया कि 15 मई की शाम चार बजे आरटीओ कार्यालय वाली गली के पास दोनों आए और उसके सामने बाइक लगाकर खड़े हो गए। उसका हाथ पकड़कर अपहरण की नीयत से उसे बाइक पर बैठाने की कोशिश करने लगे। उसने दोनों को धक्का देने के साथ ही शोर मचाया तो उसकी चचेरी बहन व अन्य लोग आ गए। जिन्हें देखकर दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता ने बताया कि उसने घर पर पिता व अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी, लेकिन घर वालों ने बदनामी होने की बात कह कर चुप कर दिया। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। 25 मई को उन लोगों ने उसे घंटाघर के पास रोक लिया और उसका दुपट्टा खींचकर भाग गए। इस मामले में एसपी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन आरोपी अभी भी फरार हैं।