मकान स्वामी के गांव जाने का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर के ताले तोड़कर नगदी, जेवर सहित दो लाख का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से गांव खिरिया पाठक निवासी बाबूराम यादव वर्तमान में एसडीएम कार्यालय के पास मकान बनाकर रहते हैं। शुक्रवार शाम वह परिवार सहित गांव गए थे। रात में चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर 56 सौ की नगदी, सोने की लर, अंगूठी, चांदी की पायल, पाजेब, खड़ुआ, करधनी सहित जेवर, घरेलू सामान चोरी कर लिया। सुबह घर वापस आने पर ताले टूटे देख परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। गृहस्वामी ने चोरी की तहरीर पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस ने मौका मुआयना किया। सोमवार को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़ित ने चोरों का पता लगवाए जाने और चोरी गया सामान बरामद कराए जाने की मांग की है।