थाना सदर बाजार क्षेत्र में स्थित आर्य महिला डिग्री कॉलेज के पास बुधवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक शिक्षिका का पर्स लूट लिया। शिक्षिका की ओर से इस घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। गन्ना शोध संस्थान की आवासीय कॉलोनी में रहने वाली सुधा कुमारी आर्य महिला इंटर कॉलेज में टीचर हैं। इनके पति गन्ना शोध संस्थान में हैं। बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सुधा अपनी मां रामबेटी के साथ डॉक्टर के यहां से दवाई लेकर रिक्शा पर अपने मायके डीएम कंपाउंड जा रही थीं। आर्य महिला डिग्री कॉलेज के सामने पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सुधा के कंधे पर लटका पर्स खींच लिया। अचानक झटका लगने से सुधा रिक्शा से नीचे गिरते-गिरते बचीं। जब तक उन्होंने शोर मचाया तब तक लुटेरे गोविंदगंज की तरफ फरार हो गए। सुधा के मुताबिक पर्स में पांच हजार रुपये नगद, दो कीमती मोबाइल, दो एटीएम कार्ड और स्कूल के जरूरी कागजात थे। घटना की सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने आसपास इलाकों में बदमाशों को तलाश किया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।