कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेहमान शाह निवासी हाफिज शोएब की मौत के मामले में शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन को जेल भेज दिया है। मोहल्ला मेहमान शाह निवासी की बुधवार की शाम संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। मृतक के पिता अच्छन की तरफ से कोतवाली में मृतक की पत्नी शबली जान, उसका प्रेमी धर्मेंद्र उर्फ टीटू, धर्मेंद्र के भाई इंद्रपाल और उसके पिता के खिलाफ शोएब को जहर देकर हत्या करने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बता दें कि शबली के मोहल्ला पक्का तालाब निवासी धर्मेंद्र से संबंध हो गए थे। वह एक महीना पहले शोएब को छोड़कर धर्मेंद्र के पास चली गई थी। शबली ने कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी। शोएब की मौत से छह दिन पहले शबली अचानक उसके घर वापस आ गई थी और मुकदमा वापस लेने की बात कही थी। बुधावार को इसी मामले में दोनों के कोर्ट में बयान हुए थे। कोर्ट से घर वापस लौटते ही शोएब की हालत बिगड़ गई थी। इसके बाद उसने दम तोड़ दिया था। शोएब की मौत के बाद उसके परिवार वालों ने काफी हंगामा किया था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद बृहस्पतिवार को शबली, धर्मेंद और मुन्ना लाल को गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस चौथे आरोपी इंद्रपाल की तलाश कर रही है।