थाना सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के गांव चिनौर में एक महीने पहले हुई डकैती की वारदात को बावरिया गिरोह ने अंजाम दिया था। वारदात के खुलासे में जुटी क्राइम ब्रांच और इंटीलेजेंस विंग ने मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनसे दो बाइक, लूट का माल और नगदी बरामद की है। पुलिस का दावा है कि इन्हीं बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने चिनौर समेत कई वारदातें कबूल की हैं। सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के गांव चिनौर में बदमाशों ने 15/16 अगस्त की रात अमनदीप सिंह के घर पर धावा बोला था। बदमाशों ने अमनदीप के पिता भूपेंद्र सिंह और मां ज्ञानकौर को घायल कर यहां से लाखों रुपये का माल लूट लिया था। एसपी केबी सिंह ने इस संगीन वारदात का खुलासा करने के लिए एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी, सीओ सिटी सुमित शुक्ला को लगाया था। शुक्रवार रात पुलिस ने फायरिंग बट चिनौर थाना सदर बाजार के पास से मुठभेड़ के बाद विजयवीर, नाबिर निवासी दौलतपुर, शानू निवासी काजीपुर, शमशुल निवासी बबरा थाना सिंधौली जिला शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथी अजयपाल, नरदीप निवासी दौलतपुर थाना सिंधौली भाग निकले। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने अपाचे और डिस्कवर दो बाइक, 20 हजार रुपये नकदी, सोने की एक झुमकी, दो तमंचा 315 बोर, दो खोका और चार जीवित कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार बदमाशों नेे चिनौर गांव में लूट की वारदात को अंजाम देने समेत कई वारदातें स्वीकार कीं हैं। बदमाशों ने यह भी बताया कि लूट की योजना अजयपाल और नरदीप ने बनाई थी। बदमाशों ने शाहजहांपुर के साथ हरदोई में भी कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। एपी सिटी दिनेश त्रिपाठी और सीओ सिटी सुमित शुक्ला का कहना है कि बदमाशों का ताल्लुक बावरिया गिरोह से है। इस गिरोह की तर्ज पर ही बदमाश वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब दो दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं।