बुधवार को एक बैंक में ग्राहकों से अभद्रता तथा राइफल तानने के मामले में आरोपी गार्ड ने कोतवाल को लिखित रूप से माफीनामा देकर बैंक प्रबंधक के इशारे पर ग्राहकाें से सख्ती के कारण आये दिन होने वाले विवादों की जिम्मेदारी डाली है। देर रात लगभग चार घंटे पुलिस की हिरासत में रहने के बाद आरोपी गार्ड ने पुलिस को बताया कि उसने प्रबंधक के कहने पर ही यह सब किया था। बुधवार को सुरक्षा गार्ड ने ग्राहक मनोज कुमार से अभद्रता करते हुए प्रबंधक के केबिन में सब के सामने गोली मारने की धमकी दी थी। इसकी तहरीर देने पर पुलिस ने गार्ड को राइफल सहित हिरासत में ले लिया था। लिखित माफी मांगने पर दोनों पक्षों में समझौते के बाद गार्ड को पुलिस ने छोड़ दिया। उधर शिकायत कर्ता मनोज कुमार ने बताया कि वह उक्त प्रकरण में प्रबंधक की ग्राहक विरोधी भूमिका की शिकायत बैंक उच्चाधिकारियों सहित मुख्यालय, बैंकिग विकास एवं परिचालन विभाग, बैंकिंग लोकपाल तथा वित्त मंत्रालय से करेंगे। उधर, प्रभारी कोतवाल आशीष शुक्ला ने बताया कि प्रबंधक के निर्देशानुसार ही गार्ड काम करता है। उसने शाखा प्रबंधक के खिलाफ लिखकर दिया है। गार्ड द्वारा लिखित रूप से माफी मांगने के बाद उसे छोड़ दिया गया है।