ट्रांसपोर्टर की जागरूकता से फर्जी नंबरप्लेट लगाकर माल लूटने वाले चालक को ट्रक समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन 24 घंटे से ज्यादा बीतने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि पुलिस मामले को मैनेज करने में जुटी है। पकड़ा गया चालक और उसका स्वामी सहारनपुर का रहने वाला बताया गया है। थाना क्षेत्र के मंडी के सामने संजोग ट्रांसपोर्ट पर एक चालक ट्रक लेकर आया और 360 कट्टे बासमती चावल बुक करके उसकी बिल्टी बनवाने लगा। ट्रांसपोर्टर ने उसके ट्रक का नंबर देखा तो परिवहन विभाग की बेवसाइड पर देखा तो हरियाणा के बहादुरगढ़ जिले के परमजीत के नाम थ्री व्हीलर दर्ज है। ट्रांसपोर्टर उत्तम कुमार का आरोप है चालक से जब ट्रक के कागज दिखाने को कहा तो वह टालमटोल करने लगा। इसी बीच पुलिस को सूचना देकर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गये चालक ने पुलिस को अपना नाम बाबर पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम कपोरी थाना अंबेटा जिला सहारनपुर और अपने मालिक का नाम कामिल बताया है। पुलिस का अनुमान है कि फर्जी नंबर प्लेट के सहारे माल लोड करके चालक गायब हो जाता है, जिसमें ट्रक मालिक की मिली भगत हो सकती है। मगर शुक्रवार की शाम छह बजे की इस घटना की रिपोर्ट शनिवार की देर शाम तक दर्ज नहीं की गई है।