शुक्रवार रात चोर दो भाइयों के घर से 24 हजार की नकदी सहित दो लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। पुलिस ने तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इससे पीड़ितों में नाराजगी है। गांव भगवंतापुर निवासी जंगीलाल ने बताया कि शुक्रवार रात चोर घर का दरवाजा तोड़कर उनके घर घुस आए और बक्से में रखी 24 हजार की नकदी, जेवर, कीमती कपड़े, बर्तन सहित सारा सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने जंगीलाल के भाई कुंदपाल के घर से जेवर सहित सारा कीमती सामान चोरी कर लिया। दोनों भाइयों ने चोरी गए सामान की कीमत दो लाख रुपये बताई है। चोरों ने जंगीलाल के भाई ईश्वरी प्रसाद के घर का भी ताला तोड़ लिया लेकिन आहट होने पर भाग गए। शनिवार को खाली बक्से और पुराने कपड़े गांव के बाहर खेत में पड़े मिले। शनिवार सुबह चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।