थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला एमनजई जलालनगर में रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक मोहम्मद हनीफ खां से शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एक लाख रुपये लूट लिए। बाइक सवार घटना को अंजाम देने के बाद एसपी आवास की तरफ भाग गए।
मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी हनीफ खां जीआईसी इंटर कॉलेज से शिक्षक के पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने अपनी बेटी का जीएफ कॉलेज में बीएड में दाखिला कराया था। शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे उन्होंने फीस के लिए यूनियन बैंक से एक लाख रुपये निकाले थे। रुपये थैले में रखकर उन्होंने स्कूटर में आगे डिग्गी में रख दिए थे। इसके बाद वह स्कूटर से जीएफ कॉलेज की तरफ चल दिए। कॉलेज गेट पर उन्होंने स्कूटर खड़ा किया। उन्होंने डिग्गी खोली ही थी कि इसी बीच पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने थैला खींच लिया। इसके बाद बाइक सवार एसपी आवास की तरफ फरार हो गए। हनीफ खां के मुताबिक एक युवक ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। घटना की सूचना पर थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों को तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। हनीफ खां की तरफ से थाना सदर बाजार में तहरीर दे दी गई है, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।